Showing posts with label ayodhya/gonda. Show all posts
Showing posts with label ayodhya/gonda. Show all posts

21 February 2026

एआई समिट के दौरान विपक्ष का विरोध शर्मनाक-कीर्ति वर्धन सिंह

एआई समिट के दौरान विपक्ष का विरोध शर्मनाक-कीर्ति वर्धन सिंह

अयोध्या। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह शनिवार को दिल्ली से अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वह अपने गृह जनपद मनकापुर, गोंडा के लिए रवाना हो गए, जहां स्थानीय कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी तय है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने एआई समिट को युवाओं के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आने वाले समय में देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन लाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर नई तकनीकों को अपनाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। एआई क्षेत्र में करोड़ों डॉलर के संभावित निवेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि कई विदेशी कंपनियों ने भारत में निवेश की प्रतिबद्धता जताई है, जिससे युवाओं को व्यापक रोजगार अवसर मिलेंगे।
एआई के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं पर सरकार द्वारा संतुलित नीति निर्माण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग समाज के हित और पारदर्शिता के साथ हो, इसके लिए दिशा-निर्देश तैयार किए जा रहे हैं।
एआई समिट के दौरान विपक्ष के विरोध को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इससे देश की छवि प्रभावित होती है। साथ ही भारत की सशक्त विदेश नीति और नए अंतरराष्ट्रीय रिश्तों का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।