Showing posts with label अयोध्या. Show all posts
Showing posts with label अयोध्या. Show all posts

21 February 2026

भारतीय संस्कृति और परंपरा से उनका है विशेष लगाव : उपराष्ट्रपति

भारतीय संस्कृति और परंपरा से उनका है विशेष लगाव : उपराष्ट्रपति

गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव ने अयोध्या पहुंच किया रामलला का दर्शन- पूजन
अयोध्या। अयोध्या पहुंचे गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव ने सोमवार को रामलला का दर्शन - पूजन कर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया। उन्होंने राम मंदिर परिसर का अवलोकन किया। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। 
     उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव के राम मंदिर पहुंचने पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने उनका स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान के साथ पूजन - अर्चन कराया गया। उपराष्ट्रपति ने प्रभु रामलला के सामने शीश नवाकर मानव कल्याण की कामना की। दर्शन पूजन के बाद उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य की भव्यता की सराहना की। उपराष्ट्रपति ने कहा कि अयोध्या आना उनके लिए बहुत ही भावनात्मक और आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा से उनका विशेष लगाव है, क्योंकि गुयाना में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग निवास करते हैं। 

18 February 2026

जन्मदिन पर सीएम योगी से मिले विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, की विकास कार्यों पर चर्चा

जन्मदिन पर सीएम योगी से मिले विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, की विकास कार्यों पर चर्चा

अयोध्या। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने अपने जन्मदिन पर सीएम योगी आदित्यनाथ से भेंट की। इस दौरान सीएम ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सदन की पीठ से उन्हें बधाई दी, इस दौरान सदन में उपस्थित सदस्यों ने मेज थपथपाकर शुभकामनाएं व्यक्त की। 
 विधायक ने मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों एवं विधायकों को भी श्रीरामलला का प्रसाद खिलाकर आभार जताया।
इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री को अयोध्या में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामपथ, धर्मपथ, एयरपोर्ट विस्तार, घाटों के सौंदर्यीकरण, यातायात सुधार एवं आधारभूत संरचना से जुड़े अनेक प्रकल्प अंतिम चरण में हैं। विशेष रूप से शहर में बन रही नई सड़कों और ओवरब्रिज के शीघ्र संचालन प्रारंभ होने से यातायात पूर्णतः सुनियोजित होगा। इससे जाम की समस्या में कमी आएगी और आम नागरिकों के साथ-साथ श्रद्धालुओं व पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में अयोध्या निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है और आने वाले समय में यह आध्यात्मिक व सांस्कृतिक पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनेगी। मुख्यमंत्री ने भी विकास कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को किया तिलक, बढ़ाया उत्साह

परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को किया तिलक, बढ़ाया उत्साह

अयोध्या। बोर्ड परीक्षा के पहले दिन परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों का पंडित हृदयराम शर्मा पीडी पाण्डेय इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य संजीव चतुर्वेदी के नेतृत्व में स्टाफ ने छात्र-छात्राओं को टीका लगाकर व गुलाब का फूल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। 
प्रधानाचार्य ने बताया कि इसका उद्देश्य परीक्षा देने आए विद्यार्थियों के मन से परीक्षा का भय दूर करना और उनमें आत्मविश्वास का संचार करना था। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्रों से धैर्य और एकाग्रता के साथ परीक्षा देने की अपील की। विद्यालय परिवार ने सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उत्कृष्ट परिणाम की कामना की।
राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद आयोजित, पर्यावरण मुद्दों पर हुआ मंथन

राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद आयोजित, पर्यावरण मुद्दों पर हुआ मंथन

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आयाम 'विकासार्थ विद्यार्थी' की ओर से 14 - 15 फरवरी को आयोजित राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद में देशभर के विश्वविद्यालयों से आए 177 प्रतिनिधियों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर मंथन किया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस मॉक सत्र आयोजित किया गया, जबकि दूसरे दिन संसद को दो सत्रों में संचालित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राहुल नार्वेकर, अध्यक्ष महाराष्ट्र विधानसभा उपस्थित रहे। प्रथम सत्र में पंच-परिवर्तन और जलवायु शासन - आधुनिक नीतिगत ढांचों में भारत की पारिस्थितिक बुद्धिमत्ता का पुनर्जीवन विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। वहीं दूसरे सत्र में COP30 में भारत और विश्व क्या भारतीय सभ्यता के शाश्वत मूल्य वैश्विक जलवायु के लिए नैतिक नेतृत्व को दिशा दे सकते हैं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं ने अपने विचार व्यक्त किए। समापन सत्र में मुख्य अतिथि पद्मश्री जनार्दनपंथ बोथे ने सेवा और समर्पण के माध्यम से प्रकृति संरक्षण को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी। अवध प्रांत की ओर से विकासार्थ विद्यार्थी संयोजक शाश्वत अवस्थी, सह-संयोजक मानवेन्द्र प्रताप सिंह, शांडिल्य सूरज त्रिपाठी व छात्रा अंशिता सिंह ने कार्यक्रम में सहभागिता की। प्रतियोगिता में इंटीग्रल विश्वविद्यालय के अंबुज राय को 'बेस्ट प्राइम मिनिस्टर अवार्ड' तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के उत्कर्ष सिंह 'बेस्ट पार्लियामेंट्री रूलिंग पार्टी अवार्ड' से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना रहा।

17 February 2026

राम मंदिर की यज्ञशाला में हुआ श्रीराम चरितमानस का पाठ

राम मंदिर की यज्ञशाला में हुआ श्रीराम चरितमानस का पाठ

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर की यज्ञशाला में हुए श्रीराम चरितमानस पाठ हुआ। श्रीराम चरित मानस का पाठ आंध्र प्रदेश से आई महिलाओं ने किया। राम नाम संकीर्तन और मंत्रोच्चार से यहां का वातावरण भक्तिमय हो गया। आंध्र प्रदेश से आईं मातृशक्तियों ने प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान किया और सुख समृद्धि की कामना की। 
ट्रस्ट की ओर से आयोजन सहयोगी शैलेन्द्र शुक्ल ने बताया कि आन्ध्र प्रदेश से कुल 34 महिला श्रद्धालु आई हैं, जिन्होंने विधि विधान के साथ श्रीराम चरितमानस का पाठ संपन्न किया। पाठ के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।। महिला श्रद्धालुओं ने कहा कि अयोध्या आकर मानस पाठ करना उनके जीवन का एक आध्यात्मिक स्वप्न था, जो आज पूर्ण हुआ। उन्होंने रामलला के चरणों में परिवार, समाज और देश की उन्नति की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में उपस्थित अन्य श्रद्धालुओं ने भी इस आयोजन की सराहना की। 
मंदिर परिसर के समग्र विकास,  सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम हो रहा काम : नृपेंद्र मिश्र

मंदिर परिसर के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम हो रहा काम : नृपेंद्र मिश्र

अयोध्या। राम मंदिर निर्माण की प्रगति की जानकारी लेने अयोध्या पहुंचे राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि मंदिर परिसर के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है।
    दो दिवसीय बैठक में भाग लेने यहां पहुंचे मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 
आगामी 19 मार्च को अयोध्या आएंगी और वे यहां लगभग चार घंटे रहेंगी। राष्ट्रपति मंदिर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लगभग चार सौ श्रमिकों को सम्मानित भी करेंगी। कार्यक्रम श्रमिकों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने का प्रतीक होगा। साथ ही यह भी जानकारी दी कि हुतात्मा स्मारक और अस्थायी रामलला मंदिर को स्थायी स्मारक के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन कार्यों को अप्रैल के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही संग्रहालय में 20 गैलरी बनाई जा रही हैं, जिनमें अत्याधुनिक 3D हनुमान गैलरी भी शामिल है। इस गैलरी में श्रद्धालु 12 मिनट तक 3D तकनीक के माध्यम से राम प्रसंगों का दर्शन कर सकेंगे।
बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए अरविंदो आश्रम से भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। रामनवमी पर सूर्य तिलक की परंपरा को दोहराने हेतु सीबीआरआई रुड़की से 10 वर्ष का अनुबंध प्रस्तावित है।

16 February 2026

बुजुर्गों की सेवा और उनका सम्मान ही सबसे बड़ी पूजा : लीला श्रीवास्तव

बुजुर्गों की सेवा और उनका सम्मान ही सबसे बड़ी पूजा : लीला श्रीवास्तव

लीला हरि फाउंडेशन ने बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों को कराया भोजन

योध्या। जिले में कोई भी भूखा न रहे इसी संकल्प के साथ लीला हरि फाउंडेशन ने वृद्ध आश्रम में बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों को भोजन कराया। 
 फाउंडेशन की अध्यक्ष लीला श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान की पूजा से पहले यदि हम अपने घर और समाज के बुजुर्गों की सेवा करें, उन्हें सम्मान और भोजन दें, तो वही सबसे बड़ी पूजा है। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के लिए जीवनभर संघर्ष करते हैं, उन्हें शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाते हैं, लेकिन कई बार वही बुजुर्ग उपेक्षा का शिकार हो जाते हैं। इस सोच को बदलने और समाज में जागरूकता लाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य गरीबों को भोजन, जरूरतमंदों को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना, पशु सेवा, शिक्षा और चिकित्सा के प्रति जागरूकता फैलाना है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। कार्यक्रम में संदीप श्रीवास्तव, रेखा, सुप्रिया, मोनिका, हरिवंश, अभिषेक, मुन्ना भाई सहित समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।


परिवार सहित अयोध्या पहुंचे किकू शारदा, रामलला के दरबार में लगाई हाजिरी

परिवार सहित अयोध्या पहुंचे किकू शारदा, रामलला के दरबार में लगाई हाजिरी

सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी में भी टेका माथा, लिया आशीर्वाद

अयोध्या। द कपिल शर्मा शो के चर्चित कलाकार किकू शारदा सोमवार को परिवार सहित अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने रामलला के दरबार में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। किकू शारदा ने रामलला का दर्शन पूजन कर देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे परिवार के साथ हनुमानगढ़ी पहुंच बजरंग बली का भी आशीर्वाद लिया। हनुमानगढ़ी में उन्होंने विधि-विधान से पूजन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। किकू शारदा ने अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान ऐतिहासिक कनक भवन में भी माथा टेका। अंत में वे पत्नी संग पावन सरयू तट पहुंचकर संध्या आरती में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि रामनगरी आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ।

15 February 2026

वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ करन त्रिपाठी ने दिया इस्तीफा, सपा में होंगे शामिल

वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ करन त्रिपाठी ने दिया इस्तीफा, सपा में होंगे शामिल

अयोध्या। वरिष्ठ नेता डॉ. करन त्रिपाठी ने कांग्रेस पार्टी को छोड़ने की घोषणा की है। करन त्रिपाठी ने अपने बयान में कहा कि वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस की कार्यशैली और संगठनात्मक व्यवस्था से वे गहरे रूप से आहत हैं। इसी कारण उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है।
डॉ. त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि वे पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के समर्थन में यह कदम उठा रहे हैं। उनका कहना है कि प्रदेश स्तर पर पार्टी की दिशा और नेतृत्व के फैसलों से वे स्वयं को असहज महसूस कर रहे थे। ऐसे में उन्होंने कांग्रेस से अलग होने का रास्ता चुना। डॉ. करन त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि वह लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। यह कार्यक्रम सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में आयोजित होगा। उनके सपा में शामिल होने से अयोध्या और आसपास के राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।
महाशिवरात्रि शिवमय हुई रामनगरी, श्रद्धालु कर रहे भोले बाबा का जलाभिषेक

महाशिवरात्रि शिवमय हुई रामनगरी, श्रद्धालु कर रहे भोले बाबा का जलाभिषेक

अयोध्या। महाशिवरात्रि पर रामनगरी अयोध्या पूरी तरह शिवभक्ति में सराबोर रही। श्रद्धालु सुबह से ही अपने आराध्य देव भगवान शंकर का जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों में पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भोले बाबा का अभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना की और अपने मुरादें मांगी। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। 
      महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार सुबह से ही जिले के प्रमुख नागेश्वरनाथ, क्षीरेश्वरनाथ मंदिर सहित सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भोले बाबा का जलाभिषेक किया। सुबह से ही हर तरफ केवल हर हर भोले, बम - बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय माहौल में सराबोर हो उठा। युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे शिवालयों में अपने आराध्य देव भगवान भोले नाथ का विधि विधान के साथ पूजन - अर्चन किया। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिला वो पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, साथ जिले की ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहरी क्षेत्र में स्थित सभी शिवालयों को सजाया गया है। लोग शिवालयों में पहुंचकर अपने आराध्य का पूजन अर्चन कर रहे हैं। साथ कई जगहों पर शाम को शिवबारात व झांकी निकालने को लेकर तैयारियां तेजी के साथ की हैं। मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव की आराधना करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। महाशिवरात्रि के अवसर पर अयोध्या की छटा ऐसी दिखाई दी मानो काशी नगरी का स्वरूप यहां साकार हो उठा हो। जिस प्रकार वाराणसी में महाशिवरात्रि पर अद्भुत दृश्य देखने को मिलता है, ठीक वैसा ही आलोकित और श्रद्धामय वातावरण अयोध्या में भी देखने को मिला। 

14 February 2026

स्वास्थ्य मेला 22 फरवरी को, निशुल्क परामर्श के साथ मिलेगी दवा

स्वास्थ्य मेला 22 फरवरी को, निशुल्क परामर्श के साथ मिलेगी दवा

मेले दो सौ से अधिकसंस्थानों के चिकित्सक होंगे मौजूद

अयोध्या। नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन एवं श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास की ओर से 22 फरवरी को स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा। इसमें पीजीआई, केजीएमयू, लोहिया संस्थान, कल्याण सिंह कंसार संस्थान समेत विभिन्न प्रमुख प्राइवेट संस्थानों के दो सौ से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहेंगे। यह जानकारी नेशनल मेडिकोज़ आर्गेनाइजेशन अवध प्रांत के अध्यक्ष एवं श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास के महासचिव डॉ भूपेंद्र सिंह ने शनिवार आयोजित पत्रकारवार्ता में दी। 
      उन्होंने बताया कि अवध इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होने वाले इस स्वास्थ्य मेले में निःशुल्क परामर्श,  जाँच और दवाओं की व्यवस्था होगी। ब्लड की जाँच, आँख की जाँच, ईसीजी, पेशाब की जाँच आदि को सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। कैंसर स्क्रीनिंग के लिए न केवल कैंसर के विशेषज्ञ उपस्थित होंगे बल्कि कैंसर के मरीजों को चिन्हित करके उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लखनऊ के संस्थानों में भर्ती कराकर इलाज कराया जाएगा। वहीं इस मेले में नेत्र रोग के मरीजों को चश्मा वितरित किया जाएगा जबकि मोतियाबिंद के मरीजों के सर्जरी की व्यवस्था बनाई जाएगी। इस दौरान अयोध्या मेडिकल कॉलेज एवं अयोध्या शहर के लगभग सभी प्रमुख चिकित्सक अपनी सेवाएं उपलब्ध करायेंगे। दांतों के इलाज के लिए सरदार पटेल डेंटल कालेज एवं बाबू बनारसी दास डेंटल्स कालेज की टीमें अपना विशेष डेडिकेटेड काउंटर बनाएँगी। कार्यक्रम की समस्त व्यवस्था शांतनु सिंह देखेंगे। इस अवसर पर नेशनल मेडिकोज़ आर्गेनाइज़ेशन, अयोध्या मेडिकल कालेज की तरह से डॉ पीयूष उपस्थित रहे, जबकि महानगर इकाई की तरफ़ से सचिव डॉ. अनूप जायसवाल और शेषाद्रि श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में विकास योजनाओं की हुई समीक्षा

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में विकास योजनाओं की हुई समीक्षा

अयोध्या। सांसद अवधेश प्रसाद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गयी। 
   उन्होंने कहा कि जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक विकास की दृष्टि से एक बहुत ही महत्वपूर्ण बैठक होती है, जिसमें जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधिगणों द्वारा किये जा रहे विकास पर समीक्षा करते हुये समस्याओं को दूर किया जाता है और जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत सुझावों पर चर्चा की जाती है। सांसद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जितनी भी जन कल्याणकारी योजनाएं चल रही है उन सभी का लाभ पात्र लाभार्थियों को दिलाया जाए। उन्होंने सड़क की योजनाओं की समीक्षा करते हुये कहा कि इस वित्तीय वर्ष शासन द्वारा स्वीकृति सड़क निर्माण की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी जाए। इसके साथ साथ पेयजल मिशन की भी सूची जनप्रतिनिधियों को क्षेत्रवार उपलब्ध करायें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा जिन-जिन योजनाओं में शिकायतें बतायी गयी है उस पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को संज्ञान लेते हुए निस्तारण कराने के निर्देश दिये। सांसद ने कहा कि जनपद में जो भी जनकल्याणकारी योजनाओं सम्बंधी कैम्प, शिविर व कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है उसमें उस क्षेत्र से सम्बंधित जनप्रतिनिधियों को अवश्य आमंत्रित किया जाय। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का पूर्ण पारदर्शिता के साथ क्रियान्वयन करते हुए सभी पात्र व्यक्तियों को योजना से लाभान्वित करने के लिए जिला प्रशासन कार्य करें।
     जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने सांसद के साथ-साथ अन्य जनप्रतिनिधियों का बैठक में उपस्थित होने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा जो भी सुझाव व शिकायतें बतायी गयी है उस पर सभी सम्बंधित विभागीय अधिकारी त्वरित कार्यवाही करते हुये समस्याओं का निस्तारण कराये तथा सुझावों का अनुपालन किया जाय। मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह द्वारा बिन्दुवार विवरण प्रस्तुत किया गया। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी व ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण व शहरी, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, सर्वशिक्षा अभियान, बाल एवं पुष्टाहार विभाग, मध्यान्ह भोजन योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, कृषि विभाग, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम आदि का बिन्दुवार समीक्षा की गयी। बैठक में अम्बेडकरनगर लोकसभा सांसद/सह-अध्यक्ष लालजी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक रुदौली राम चन्द्र यादव, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक, उपनिदेशक कृषि, उपनिदेशक पर्यटन, जिला विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीसी एनआरएलएम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व अधिकारीगण मौजूद रहे। 
यह ट्रेड डील नहीं, थ्रेट डील है : संजीव निगम

यह ट्रेड डील नहीं, थ्रेट डील है : संजीव निगम

अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुए कथित ट्रेड डील को देश की संप्रभुता, किसानों, छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों पर सीधा हमला बताते हुए आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर आम आदमी पार्टी अयोध्या के पदाधिकारी एवम कार्यकर्ताओं ने 14 फरवरी को जनपद के गांधी पार्क सिविल लाइंस में जिलाध्यक्ष अनिल प्रजापति के नेतृत्व में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया एवम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा 
   प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी संजीव निगम ने आरोप लगाया है कि यह समझौता भारतीय कृषि बाजार को अमेरिकी हितों के लिए खोलने, रूस से सस्ता तेल खरीद बंद कराने, व्यापारिक असमानता थोपने और देश के स्वाभिमान को गिरवी रखने की साजिश है, जिसे तत्काल रद्द किया जाना चाहिए। यह ट्रेड डील नहीं, थ्रेट डील है। नई ट्रेड डील के तहत भारतीय उत्पादों पर अमेरिका 18 प्रतिशत टैक्स लगाएगा जबकि अमेरिकी कृषि उत्पादों को भारत में टैक्स फ्री एंट्री देकर देश के करोड़ों किसानों के साथ अन्याय किया गया है। जिलाध्यक्ष अनिल प्रजापति एडवोकेट ने कहा कि क्या अडानी पर भ्रष्टाचार के आरोपों और 'एपस्टीन फाइल्स' में चौंकाने वाले खुलासों के दबाव में आकर प्रधानमंत्री समझौते कर रहे हैं? एप्स्टीन फाइल्स' और अमेरिका की धमकियों पर चुप्पी क्यों? सदन में जवाब देने के बजाय भावनाओं का सहारा लेना बंद करें। देश जवाब चाहता है! जनता पारदर्शिता चाहती है कि क्या भारत अब अपने फैसले खुद नहीं ले सकता? हमारी संप्रभुता और स्वाभिमान का सौदा क्यों किया जा रहा है ? रूस जैसे पारंपरिक मित्र से तेल न खरीदने की शर्त भारत की संप्रभुता का अपमान है। 
इस अवसर पर गायत्री मिश्रा विद्या वर्मा स्वर्णिम बर्मा शारजहा मास्टर, यूके द्विवेदी मोहम्मद इस्राइल, रामजी बर्मा, अखिलेश गौतम, विनोद रावत, चंद्रप्रकाश इरफान गुड़िया राईन अहमद, मोहम्मद सूफियान, रामचरण मौर्य मौजूद रहे।
नकलविहीन परीक्षा कराने को लेकर हुई बैठक, दिए गए जरूरी निर्देश

नकलविहीन परीक्षा कराने को लेकर हुई बैठक, दिए गए जरूरी निर्देश

अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में माध्यमिक शिक्षा परिषद उ.प्र. द्वारा आयोजित हाईस्कूल / इण्टरमीडिएट परिषदीय परीक्षा वर्ष-2026 को सुचितापूर्ण, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन परीक्षा को सम्पन्न हेतु डाॅ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविधालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में सुरक्षा व्यवास्थ्या एवं आग्रिम तैयारियों के दृष्टिगत जनपद में बनाये गये परीक्षा केन्द्रो पर नियुक्ति सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त केन्द्र व्यवस्थापक एवं केन्द्र व्यवस्थापकों की बैठक सम्पन्न हुई। 

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केन्द्रो पर लगे सीसीटीवी को निर्बाध रूप से सतत चलता रहना चाहिए, उसके लिए आपके पास पाॅवर बैकअप के साथ-साथ जनरेटर भी होना चाहिए। किसी भी कीमत पर गलत प्रश्न पत्र न खुलने पाये इसके लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट व केन्द्र व्यवस्थापक अच्छी तरह लिफाफा पर अंकित तिथि व समय का मिलान कर ले। सही पेपर ही अलमारी से निकाला जाय। किसी भी परीक्षार्थी का परीक्षा कक्ष के बाहर जूता या चप्पल न निकलवाया जाय, इसके लिए सघन तलाशी ली जाय किसी परीक्षार्थी के संदेह होने पर जूता निकलवा कर जाँच कर ली जाय एवं पुनः जूता पहनने के लिए कह दिया जाय। परीक्षा केंद्र पर किसी भी परीक्षार्थी द्वारा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जैसे चश्मा व घड़ी परीक्षा कक्ष तक नहीं जानी चाहिए। गेट पर तलाशी के लिए महिला पुलिस व शिक्षक अवश्यक लगाये जाये, बालिकाओं की तलाशी महिला से ही करायी जाये। परीक्षा केन्द्र के आस - पास लाउडस्पीकर न बजने पाये, शादी-विवाह त्योहार का अवसर है ऐसी स्थिति में एचएचओ को तत्काल सूचना दे तथा उसको बन्द कराया जाय। परीक्षा केन्द्र पर लगे समस्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान पूरे समय उपस्थित रहकर परीक्षा को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करायेगें, यदि कोई स्टेटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रह नहीं पाये जाते है तो उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि सवेदनशील प्रश्न पत्रों के दिन विशेष सतर्कता व सजग रहकर परीक्षा को सम्पन्न करायी जाये। कही किसी प्रकार की परीक्षा केन्द्रों पर सहयोग की आवश्यकता हो तो वह सुविधा व सुरक्षा उपलब्ध कराई जायेगी, परीक्षा के दौरान अफवाह फैलाने वाले या पेपर आउट करने की अफवाह फैलाने वाले का विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। इसकी सूचना तत्काल उपलब्ध करायी जाये। इस प्रकार की सूचना फैलाने वाले के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी। बैठक को डी मणिशेकर लियाठी प्रधानाचार्य, सिस्टर लिण्डा प्रधानाचार्या, कनौसा कान्वेंट इ.का. अयोध्या एवं हिन्दू इन्टर कालेन रुदौली के प्रधानाचार्य डी० राम प्रिया शरण ने अपने अनुभव एवं परीक्षा की सावधानियों एवं बारिकियो के बारे में अवगत कराया गया। डाॅ बसन्त कुमार ने परीक्षा के सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद उ.प्र. द्वारा स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवायापकों के उत्तरदायित्व व निर्देशों के बारे में अवगत कराया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. पवन कुमार तिवारी ने अपने सम्बोधन में जगपद में परीक्षा की सुचिता पूर्ण, नकल विहीन एवं शान्तिपूर्ण समपन्न कराये जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश व मार्गदर्शन किया गया एवं परीक्षा वर्ष-2026 में लगे समस्त कार्मिको, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व केन्द्र व्यवस्थापकों अपने-अपने कार्यों एवं उत्तरदायित्वों के प्रति सचेत व जागरुक रहने के किए निर्देशित किया और परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु आवशयक बिंदुओं पर चर्चा किया।

07 February 2026

सर्वोदय विद्यालयों में प्रवेश परीक्षा को लेकर बैठक, दिए गए जरूरी निर्देश

सर्वोदय विद्यालयों में प्रवेश परीक्षा को लेकर बैठक, दिए गए जरूरी निर्देश

अयोध्या। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में छात्र/छात्राओं के प्रवेश परीक्षा के लिए मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उप निदेशक, समाज कल्याण, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सम्बन्धित विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहें। बैठक में प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान अयोध्या को प्रश्न पत्र निर्माण एवं मूल्यांकन के लिए निर्देशित किया गया है एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्राथमिक विद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं को खण्ड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से आवेदन कराने के लिए निर्देश दिये गये।

05 February 2026

145 युवतियों को मिला रोजगार

145 युवतियों को मिला रोजगार

अयोध्या। गुरुनानक एजुकेशन सोसाइटी एवं क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को गुरुनानक अकादमी गर्ल्स इण्टर कालेज परिसर में केवल बेटियों/महिलाओं के लिये एक दिवसीय पिंक रोजगार मेले के आयोजन में 355 बेरोजगार युवतियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें निजी क्षेत्र की तकनीकी/गैर तकनीकी प्रतिष्ठित कम्पनियों के एचआर द्वारा 145 बेरोजगार युवतियो का चयन किया गया। इसी क्रम में एक कॅरियर काउन्सिलिंग कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। रोजगार मेले में उपस्थित युवतियों को सफल होने के कई गुण बताएं तथा यह भी कहा गया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति दृढ संकल्प एवं कठिन परिश्रम करने से ही लक्ष्य की प्राप्ति हो सकती है।
जेआरएफ की परीक्षा उत्तीर्ण कर शिवांगी ने बढ़ाया मान

जेआरएफ की परीक्षा उत्तीर्ण कर शिवांगी ने बढ़ाया मान

अयोध्या।  जिले के सोहावल तहसील क्षेत्र के रहने वाली शिवांगी द्विवेदी ने जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण कर जिले का मान बढ़ाया। शिवांगी की उपलब्धि पर गांव वालो में खुशी का माहौल है। 
     तहसील क्षेत्र के अरथर निवासी डॉ. राकेश दुबे शिक्षक हैं। शिवांगी उन्हीं की पुत्री हैं। शिवांगी ने विश्व विद्यालय अनुदान आयोग की ओर आयोजित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा -2026 जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण की है। बेटी की इस सफलता पर पिता ने खुशी जताई है। उनका ने कहा कि बेटी शिवांगी ने प्रारंभिक शिक्षा ग्रामीण परिवेश में जबकि स्नातक एवं परास्नातक की पढ़ाई लखनऊ विश्व विद्यालय से पूरी की। इस सफलता पर परिजनों और क्षेत्रवासियों ने बेटी शिवांगी अपनी शुभकामनाएं दी है। 
जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनी लोगों की समस्याएं

जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनी लोगों की समस्याएं

अयोध्या। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।    
    जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न हो। जनता दर्शन में मुख्य रूप से भूमि विवाद, राजस्व संबंधित प्रकरण, पेंशन, विद्युत, जलापूर्ति, सड़क मरम्मत, स्वास्थ्य सुविधा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मुद्दे सामने आए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जाए और शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी समय से उपलब्ध कराई जाए।
चलती कार में लगी आग, वाहन में सवार सभी सुरक्षित

चलती कार में लगी आग, वाहन में सवार सभी सुरक्षित

- फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पाया काबू, पुराकलंदर थाना क्षेत्र में हुआ हादसा 

अयोध्या। जिले के पुराकलंदर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर अचानक एक कार में आग लग गई। चलती हुई कार में आग लगने के कारण अफरा तफरी का मच गई। कार में सवार लोगों ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। 
     मिली जानकारी के अनुसार राम जी पुत्र स्व.  कामता प्रसाद निवासी ग्राम जोहन (हैरिंग्टनगंज) थाना बीकापुर अपने पुत्र के साथ कार से घर से अयोध्या जा रहे थे। जब उनकी कार अयोध्या - सुल्तानपुर हाइवे स्थित कृषि विज्ञान केंद्र मसौधा के पास पहुंची तभी अज्ञात कारणों से वाहन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।  सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि किसी को कोई हानि नहीं पहुंची साथ कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और यातायात बहाल कराया।

17 July 2021

जन्मदिन पर बिटिया ने रोपा पौधा

जन्मदिन पर बिटिया ने रोपा पौधा



पौधरोपण कर दिया पर्यावरण का संदेश

अयोध्या। कोविड-19 में जिस तरह से लोगों को ऑक्सीजन के लिए भटकते देखा गया उससे सबक लेकर वंशिका ने पौधारोपण कर अपना जन्मदिन मनाया। वंशिका की मां सुनीता दूबे ने बताया कि उन्होंने संकल्प लिया है की बिटिया के हर जन्मदिन पर  पौधरोपण करवाएंगी। जिससे हरी-भरी धारा के साथ पर्यावरण में सुधार हो और लोगों को पर्याप्त ऑक्सीजन मिले। वंशिका ने कहा की सभी बच्चों को अपने जन्मदिन पर एक पौधा अवश्य लगाएं जिससे धरा पेड़ विहीन न होने पाए। वहीं, वंशिका के पिता राजेंद्र दूबे ने कहा कि धरती की हरियाली और प्राण वायु को बढ़ाने के लिए अपने आस पास पौधरोपण करते रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन पर पौधरोपण करना चाहिए जिससे वातावरण की शुद्धता बनी रहे। पौधरोपण के समय अंश, वेदांश, दिव्यांश, मानसी, मान्या, वैष्णवी, स्वीटी, ब्यूटी आदि बच्चे मौजूद रहे।