Showing posts with label ayodhya. Show all posts
Showing posts with label ayodhya. Show all posts

22 February 2026

तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं को नहीं होना होगा परेशान, घर-घर सत्यापन करेंगे बीएलओ

तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं को नहीं होना होगा परेशान, घर-घर सत्यापन करेंगे बीएलओ

अयोध्या: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं के लिए सुनवाई प्रक्रिया को अत्यंत सरल, पारदर्शी एवं सुगम बना दिया गया है। इस नई व्यवस्था से मतदाताओं को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टी. फुडे ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन मतदाताओं के नाम, आयु, लिंग, पते अथवा अन्य विवरण में तार्किक विसंगति पाई गई है, उन्हें अब किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे मामलों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) स्वयं संबंधित मतदाता के घर जाकर नोटिस का वितरण करेंगे तथा आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि बीएलओ नोटिस की पावती लेकर आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे और उन्हें बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड करेंगे। इस प्रक्रिया के पूर्ण होते ही सुनवाई स्वतः संपन्न मानी जाएगी। किसी भी मतदाता को व्यक्तिगत रूप से कार्यालय या सुनवाई स्थल पर उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन नामावली की शुद्धता सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है। यह पहल मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी हो सके।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें कोई नोटिस प्राप्त हो तो बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, सही जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि समयबद्ध तरीके से कार्यवाही पूर्ण की जा सके और पात्र मतदाताओं का नाम सही रूप में निर्वाचन नामावली में दर्ज रहे।
मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन

मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन

अयोध्या। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर अयोध्या में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह शिविर डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सौरभ लवानिया द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। शिविर का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश रणंजय कुमार वर्मा की अनुमति एवं मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, न्यायिक अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे।
मेगा शिविर से पूर्व तहसील, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर लघु शिविरों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया था। परिणामस्वरूप कुल 25,290 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए चिन्हित कर लाभान्वित किया गया। वहीं मेगा शिविर के दौरान 18 विभागों के 197 पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विधिक जागरूकता से जुड़े विविध आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहे। भ्रूण हत्या जैसे सामाजिक कुरीति पर आधारित नाटक के माध्यम से लोगों को संवेदनशील संदेश दिया गया। साथ ही सीपीआर प्रशिक्षण, अग्निशमन विभाग की मॉक ड्रिल तथा छात्राओं द्वारा आत्मरक्षा का प्रदर्शन भी कराया गया, जिससे आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी।
शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाओं, बच्चों एवं श्रमिकों को विधिक रूप से सशक्त बनाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा। आयोजन को जनहित में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सराहा गया।
'रन फॉर राम' मैराथन: हजारों धावकों ने फिटनेस और आस्था के साथ लगाई दौड़

'रन फॉर राम' मैराथन: हजारों धावकों ने फिटनेस और आस्था के साथ लगाई दौड़

अयोध्या: क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित 'रन फॉर राम' मैराथन का चौथा संस्करण राम कथा पार्क में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। लता मंगेशकर चौक से शुरू हुई इस दौड़ में हजारों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में कार्यरत संगठन क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम फिटनेस और सामूहिक एकजुटता के उद्देश्य से सफल रहा।
अयोध्या की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित यह मैराथन प्राचीन '14-कोसी परिक्रमा' से प्रेरित है। इस वर्ष देश-विदेश के धावकों की बड़ी संख्या ने इसे अब तक का सबसे बड़ा आयोजन बनाया। पिछले संस्करणों की तुलना में इस बार महिलाओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई, जिसमें 100 से अधिक महिला धावकों ने हिस्सा लेकर खेलों में समावेशिता की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।
आयोजन पर प्रतिक्रिया देते हुए क्रीड़ा भारती उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष, अविनीश कुमार सिंह ने कहा, “रन फॉर राम के चौथे संस्करण का सफल समापन गर्व का विषय है। हर आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी और उत्साह सराहनीय है। आज अयोध्या में दिखा अनुशासन और ऊर्जा प्रभु श्री राम के शाश्वत मूल्यों को दर्शाती है।”
मैराथन में आरएफआईडी तकनीक का उपयोग किया गया और इसमें 42 किमी, 21 किमी, 10 किमी और 3 किमी की श्रेणियां शामिल थीं। विजेताओं में अभिषेक सोनी (42 किमी पुरुष), प्रिंस राज यादव (21 किमी पुरुष), सोनी देवी (21 किमी महिला), संदीप पाल (10 किमी पुरुष) और अंकिता (10 किमी महिला) प्रमुख रहे।
आयोजन में कुल ₹15 लाख का पुरस्कार पूल रखा गया था। मुख्य 42 किमी पुरुष वर्ग में अभिषेक सोनी और इज़राइल के अंतरराष्ट्रीय धावक देस्ये एंडालेव दोनों को विजेता घोषित किया गया और प्रत्येक को ₹1.25 लाख का नकद पुरस्कार दिया गया। अन्य श्रेणियों के विजेताओं को उनके प्रदर्शन के आधार पर ₹10,000 से लेकर ₹1 लाख तक के पुरस्कार दिए गए।
टीवाईसी कम्युनिकेशन की संस्थापक और स्त्री इंडियन स्पोर्ट्स फाउंडेशन की अध्यक्ष, गीता सिंह ने कहा, “इस वर्ष महिला धावकों की रिकॉर्ड भागीदारी देखना उत्साहजनक है। ऐसे मंच न केवल फिटनेस को बढ़ावा देते हैं बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और प्रतिनिधित्व को भी मजबूत करते हैं।”
आयोजकों ने गोवा सरकार, छत्तीसगढ़ सरकार, उत्तर प्रदेश पर्यटन, इफ्को, अमूल, पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स और अन्य सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। 'रन फॉर राम 2026' ने खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के माध्यम से अपनी पहचान सुदृढ़ की है।
अध्यात्म की नगरी अयोध्या में “रन फॉर राम संवाद” का भव्य आयोजन

अध्यात्म की नगरी अयोध्या में “रन फॉर राम संवाद” का भव्य आयोजन

अध्यात्म की नगरी अयोध्या में राम की पैड़ी और पवित्र सरयू तट पर क्रीड़ा भारती द्वारा “रन फॉर राम संवाद” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आगामी ‘रन फॉर राम मैराथन 2026’ के संदर्भ में आयोजित हुआ, जिसमें खेल, अध्यात्म और राष्ट्रभाव का अद्भुत संगम देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों, प्रशासकों, विद्वानों और युवा प्रतिभागियों ने इसमें सहभागिता की।
कार्यक्रम में भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों, उनकी मर्यादा, राष्ट्र निर्माण में उनकी प्रेरक भूमिका तथा सनातन संस्कृति की वैश्विक प्रासंगिकता पर व्यापक चर्चा की गई। “वनवास से फिनिश लाइन तक” विषय पर वक्ताओं ने श्रीराम की तपस्या, धैर्य और संघर्ष की तुलना मैराथन धावकों की सहनशक्ति और अनुशासन से की।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि ‘रन फॉर राम’ को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में सरकार सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने कहा कि यह मैराथन फिटनेस, आस्था और एकता को बढ़ावा देने वाली अनूठी पहल है। उन्होंने अपनी खेल यात्रा का उल्लेख करते हुए युवाओं को निरंतर प्रयास और अनुशासन का संदेश दिया।
उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि खेल और अध्यात्म का समन्वय भारतीय परंपरा की पहचान है। उन्होंने घोषणा की कि ‘रन फॉर राम’ मैराथन को आधिकारिक स्वरूप देकर इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाया जाएगा, ताकि विभिन्न देशों के धावक इसमें भाग ले सकें।
पद्मश्री से सम्मानित पैरा ओलंपियन प्रवीण कुमार ने विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी खेल में उत्कृष्टता तपस्या के समान है, जिसके लिए समर्पण और दृढ़ संकल्प आवश्यक है।
संवाद में अयोध्या को वैश्विक आध्यात्मिक-खेल गंतव्य के रूप में विकसित करने की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। आयोजकों के अनुसार यह केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आस्था, ऊर्जा और राष्ट्रभाव का महोत्सव है, जो युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और राष्ट्रनिष्ठ जीवनशैली की ओर प्रेरित करेगा।

21 February 2026

रामनवमी मेला और होली को लेकर अयोध्या प्रशासन अलर्ट

रामनवमी मेला और होली को लेकर अयोध्या प्रशासन अलर्ट

अयोध्या में रामनवमी मेला और होली के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि त्योहारों के दौरान आम लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
सहायक खाद्य आयुक्त माणिकचंद के नेतृत्व में दो टीमें गठित की गई हैं, जो प्रतिदिन सुबह और शाम बाजारों में पहुंचकर मिठाई, डेयरी उत्पाद और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने ले रही हैं। प्रत्येक तहसील में एसडीएम के नेतृत्व में विशेष जांच टीमें बनाई गई हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर रही हैं।
फूड सेफ्टी व्हील के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। संदिग्ध नमूनों को विस्तृत परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच के दौरान प्रमोद वन स्थित बृजमोहन हेमंत कुमार की दुकान को अनियमितताएं पाए जाने पर सील किया गया, जबकि लक्ष्मी पशु आहार से लगभग 30 हजार रुपये मूल्य का पाम ऑयल जब्त किया गया।
होली को देखते हुए खोवा, मिठाइयों, सरसों का तेल, घी और पनीर की विशेष जांच की जा रही है। नकली खोवा की बाहरी आपूर्ति रोकने के लिए विजिलेंस और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वरिष्ठ पत्रकार विधि सिंह के निधन पर पत्रकारों में शोक, दी श्रद्धांजलि

वरिष्ठ पत्रकार विधि सिंह के निधन पर पत्रकारों में शोक, दी श्रद्धांजलि

अयोध्या। हिंदुस्तान समाचार के वरिष्ठ पत्रकार विधि सिंह के आकस्मिक निधन का अत्यंत दुःखद समाचार मिलते ही जनपद के पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन को मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। लंबे समय तक सक्रिय पत्रकारिता करते हुए उन्होंने अपनी निष्पक्ष लेखनी, बेबाक रिपोर्टिंग और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर एक अलग पहचान बनाई थी।
विधि सिंह अपने सरल स्वभाव, सौम्य व्यवहार और सहयोगी प्रवृत्ति के कारण पत्रकारों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उन्होंने सदैव सत्य और निष्पक्षता को प्राथमिकता दी। उनके असामयिक निधन से न केवल उनके सहकर्मियों बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों में भी गहरा दुख व्याप्त है। ईश्वर से प्रार्थना की गई कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
अयोध्या जनपद के पत्रकारों ने पत्रकार चौराहे पर एकत्र होकर दो मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा कि विधि सिंह की कमी सदैव खलेगी। श्रद्धांजलि सभा में आकाश सोनी, समीर शाही, संजीव आजाद, अजय श्रीवास्तव ‘अज्जु’, रूपेश श्रीवास्तव, दिनेश पाठक, राजेन्द्र कुमार ‘राजू’ दूबे, सुबोध श्रीवास्तव, समाजसेवी राजेश सिंह ‘मानव’ एवं राजू सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सायरा बानो ने स्वेच्छा से अपनाया हिंदू धर्म, बनीं आरती रावत

सायरा बानो ने स्वेच्छा से अपनाया हिंदू धर्म, बनीं आरती रावत

अयोध्या। जनपद अयोध्या की तहसील मिल्कीपुर के थाना इनायतनगर क्षेत्र निवासी सायरा बानो ने स्वेच्छा से हिंदू धर्म ग्रहण कर अपना नया नाम आरती रावत रख लिया है। उपलब्ध प्रमाण पत्र के अनुसार दिनांक 18 नवंबर 2025 को श्री राम जानकी मंदिर राज सदन में संतों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया पूर्ण की गई। यह कार्यक्रम महंत संत दास के सानिध्य में संपन्न हुआ, जहां हवन-पूजन के साथ वैदिक परंपरा के अनुसार संस्कार कराए गए।
शनिवार को सायरा बानो अधिवक्ता लव कुमार पांडेय एवं महंत संत दास के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं और धर्म परिवर्तन से संबंधित प्रपत्र क्रमांक-1 प्रस्तुत किया। अधिवक्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश धर्मांतरण नियमों के तहत आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं तथा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही इस प्रक्रिया को प्रशासनिक स्वीकृति मिल जाएगी।
आरती रावत (पूर्व नाम सायरा बानो) ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने पूर्ण होशोहवास में, बिना किसी दबाव, प्रलोभन या अनुचित प्रभाव के, स्वेच्छा से इस्लाम धर्म त्याग कर हिंदू धर्म स्वीकार किया है। उनके अनुसार यह निर्णय उन्होंने व्यक्तिगत आस्था और विचार के आधार पर लिया है। आरती ने यह भी बताया कि उन्होंने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर नया जीवन प्रारंभ किया है।
पूरी प्रक्रिया बड़ी छावनी के संतों एवं महंत संत दास के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि संबंधित पक्षों का कहना है कि सभी कदम विधि और नियमों के अनुरूप उठाए गए हैं।
बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश

बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश

अयोध्या जनपद में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर लूट और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी ने प्रेस वार्ता में कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली रूदौली पुलिस ने दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने “अभियान त्रिनेत्र” के तहत क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से घटनाओं की कड़ियों को जोड़ा और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता पाई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया गया।
घटनाओं के क्रम में 19 जनवरी 2026 को बाबा बाजार क्षेत्र में 85 वर्षीय महिला से नाक का बूंदा छीन लिया गया था। इसके बाद 31 जनवरी 2026 को थाना कोठी, जनपद बाराबंकी में 75 वर्षीय महिला से पर्स और मटर माला ठग ली गई। वहीं 14 फरवरी 2026 को रूदौली क्षेत्र में एक अन्य 75 वर्षीय महिला से नाक का बूंदा छीना गया था। इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल था।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली है। बरामद सामग्री में दो नाक के बूंदे, मटर माला, पर्स, आधार कार्ड की छाया प्रति तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल शामिल है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आमजन से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
तहसील दिवस में किसान ने किया आत्मदाह का प्रयास,  मचा हड़कंप

तहसील दिवस में किसान ने किया आत्मदाह का प्रयास, मचा हड़कंप

अयोध्या। रुदौली में आयोजित तहसील दिवस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पीड़ित किसान ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए किसान को पकड़ लिया और बड़ी घटना टल गई।
बताया जा रहा है कि किसान जमीन की पैमाइश को लेकर लंबे समय से तहसील के चक्कर लगा रहा था। उसका आरोप है कि कई बार शिकायत पत्र देने के बावजूद लेखपाल और संबंधित अधिकारियों ने उसकी सुनवाई नहीं की। किसान ने तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार से परेशान होकर यह कदम उठाने की कोशिश की।
तहसील दिवस में स्थानीय विधायक रामचंद्र यादव, एसडीएम, तहसीलदार और सीएमओ सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे। घटना के बाद अधिकारियों ने किसान को समझाकर शांत कराया और उसकी समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते पुलिस हस्तक्षेप न करती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद तहसील परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जबकि किसान ने निष्पक्ष पैमाइश और न्याय की मांग दोहराई है।

20 February 2026

अयोध्या में 8 मार्च को होगा पत्रकार परिवार का होली मिलन समारोह

अयोध्या में 8 मार्च को होगा पत्रकार परिवार का होली मिलन समारोह

अयोध्या। पत्रकार परिवार का होली मिलन समारोह आगामी 8 मार्च को सहादतगंज स्थित स्टार सिटी होटल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व भारत समाचार के वरिष्ठ पत्रकार रूपेश श्रीवास्तव ने किया, जिसमें जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया।
बैठक में प्रेस क्लब जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, न्यूज़ 18 के संवाददाता नीमीष गोस्वामी, स्वतंत्र चेतना के ब्यूरो चीफ के.के. मिश्रा, दैनिक भास्कर के कुशल मिश्रा, माया अवध पत्रिका के अजय श्रीवास्तव ‘अज्जू’, स्वराज इंडिया के समीर शाही, 100 टीवी चैनल के सुबोध श्रीवास्तव, भारत 24 के आकाश सोनी, जुल्म की दुनिया के संपादक अशोक तिवारी, इंडिया टीवी के अखंड सिंह, आज तक के मयंक शुक्ला, नेटवर्क टेन के प्रशांत शुक्ला, एएनआई के सुभाष सिंह, दैनिक भास्कर के अनिल निषाद, न्यूज़ नेशन के नवनीत कौशल ‘डब्बू’, हिंदी खबर के सुमित यादव, कवलजीत, आईबीसी 24 के अपूर्व पाठक सहित अनेक पत्रकार और छायाकार मौजूद रहे।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के आमंत्रण तथा सम्मान समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। तय किया गया कि जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने इसे पत्रकार एकता और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का अवसर बताया तथा सभी मीडिया कर्मियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

19 February 2026

अयोध्या में फर्जी एसटीएफ अधिकारी गिरफ्तार, 4 लाख वसूली का आरोप

अयोध्या में फर्जी एसटीएफ अधिकारी गिरफ्तार, 4 लाख वसूली का आरोप

अयोध्या। खुद को एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) का अधिकारी बताकर लोगों से लाखों रुपये की वसूली करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अजय सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सुल्तानपुर जनपद का निवासी बताया जा रहा है। उसके पास से फर्जी एसटीएफ का आई कार्ड भी बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अजय सिंह ने स्वयं को एसटीएफ अधिकारी बताकर एक व्यक्ति पर कार्रवाई का भय दिखाया और उससे लगभग 4 लाख रुपये की वसूली कर ली। पीड़ित को जब ठगी का एहसास हुआ तो उसने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद उसे लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से फर्जी पहचान पत्र और कुछ अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार तो नहीं बनाया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026: युवाओं और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर..

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026: युवाओं और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर..

उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य 18 से 20 आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं तथा पात्र महिला मतदाताओं का अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, बीएलओ तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों एवं प्रशिक्षण केंद्रों में विशेष अभियान चलाकर नए मतदाताओं के फार्म-6 भरवाए जाएं। अधिकारियों से कहा गया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक पात्र युवक-युवती को मतदाता सूची में शामिल किया जाना सुनिश्चित करें। इसके लिए विद्यालयों एवं कॉलेजों के प्राचार्यों से समन्वय स्थापित कर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
महिला मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण पर भी विशेष बल दिया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं तथा बीएलओ के माध्यम से घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर महिलाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र महिला मताधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और समावेशिता लोकतंत्र की आधारशिला है। अतः सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि या पात्र नागरिक का नाम छूटना गंभीर विषय है। अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों को दैनिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए, जिससे निर्धारित समयावधि में लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
सामूहिक ‘दुरदरिया’ पूजन में उमड़ा आस्था का सैलाब..

सामूहिक ‘दुरदरिया’ पूजन में उमड़ा आस्था का सैलाब..

501 महिलाओं ने किया सामूहिक ‘दुरदरिया’ पूजन..

अयोध्या। रुदौली नगर के मोहल्ला शिवपुरम् (पूरे काजी) में गुरुवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं प्रकाश बुक डिपो के संचालक, समाजसेवी संतोष कुमार आर्य द्वारा भव्य सामूहिक ‘दुरदरिया’ पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें 501 मातृशक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्ति का वातावरण छा गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने ‘दुरदरिया माता’ की कथा का विस्तार से वाचन किया तथा विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की मंगलकामना की। एक साथ सैकड़ों महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन को अत्यंत भव्य और गरिमामय बना दिया। माता के जयकारों और मांगलिक गीतों से संपूर्ण परिसर गूंज उठा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
इसी शुभ अवसर पर संतोष कुमार आर्य ने सपरिवार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अपने नए घर में प्रवेश भी किया। गृह प्रवेश के इस पावन कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी, प्रबुद्धजन और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आर्य परिवार को नए आवास के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया। संतोष कुमार आर्य ने उपस्थित सभी अतिथियों और विशेष रूप से मातृशक्ति का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस सामूहिक पूजन और कथा आयोजन ने पूरे शिवपुरम् क्षेत्र में सकारात्मकता, एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया।

17 February 2026

'न्याय रथ’ को जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

'न्याय रथ’ को जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशानिर्देशन में तथा रणंजय कुमार वर्मा, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अयोध्या की अनुमति से 22 फरवरी को डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराए गए बहुउपयोगी वाहन ‘न्याय रथ’ को जनपद न्यायाधीश द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस वृहद शिविर का उद्देश्य समाज के निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है। शिविर में बीमा योजनाएं, असंगठित श्रम विभाग की योजनाएं, जल संरक्षण कार्यक्रम तथा अन्य महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं के संबंध में जागरूकता फैलायी जाएगी।
साथ ही विभिन्न विभागों के सहयोग से पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण कर उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने की कार्यवाही भी की जाएगी। इस मेगा कैंप में 44 विभागों/जिला विकास, समाज कल्याण, दिव्यांग सशक्तिकरण, महिला एवं बाल कल्याण आदि की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
युवक ने रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर की जान देने की कोशिश, लोगों ने बचाया

युवक ने रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर की जान देने की कोशिश, लोगों ने बचाया

अयोध्या में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब फतेहगंज क्रॉसिंग के पास एक युवक रेलवे ट्रैक पर खड़ा हो गया और जान देने की कोशिश करने लगा। मामला अयोध्या नगर कोतवाली के फतेहगंज चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अचानक ट्रैक पर जाकर खड़ा हो गया। इसी दौरान सामने से ट्रेन आती दिखाई दी। क्रॉसिंग के पास मौजूद लोगों की नजर जब युवक पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया और हाथ हिलाकर ट्रेन चालक को संकेत देने लगे।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ट्रेन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगा दी। ट्रेन युवक से कुछ ही दूरी पर आकर रुक गई। मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित ट्रैक से हटाया और समझाकर किनारे किया।
स्थानीय लोगों की सतर्कता और ट्रेन चालक की सजगता से एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घटना के कारण कुछ समय तक रेल यातायात प्रभावित रहा। घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

05 February 2026

अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक और नई सौगात..

अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक और नई सौगात..

गुप्तार घाट पर बना रहे ओपन एयर थिएटर का उठा सकेंगे लुफ्त

अयोध्या। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को होली के अवसर पर राम नगरी में एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। सरयू किनारे गुप्तारघाट पर बन रहा भव्य ओपन एयर थिएटर लगभग तैयार हो चुका है और होली के आसपास इसे आमजन के लिए खोलने की योजना है। यह पूरा परिसर रामचरितमानस पर आधारित त्रेता युग की झलक दिखाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है, जिससे आने वाले श्रद्धालु रामायण काल की अनुभूति कर सकेंगे।
गुप्तारघाट परिसर में रावण वध, हनुमान और जटायु की भव्य मूर्तियां पहले ही तैयार हो चुकी हैं, जो दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगी। इस परियोजना पर कुल लागत 1833.63 लाख रुपये की आ रही है। वर्तमान में अंतिम छोर के कार्य तेजी से प्रगति पर हैं, जिनमें पार्किंग क्षेत्र, पाथवे, टिकट घर, गार्ड रूम, टॉयलेट ब्लॉक और किचन के फिनिशिंग कार्य शामिल हैं।
परिसर का सबसे खास आकर्षण ओपन एयर थिएटर है, जहां इन दिनों फिनिशिंग, विद्युतीकरण और हॉर्टिकल्चर का कार्य चल रहा है। इस थिएटर में रामायण से जुड़े नाटक, रामलीला, भजन-कीर्तन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अयोध्या प्रशासन की माने तो इसके खुलने से अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।