18 February 2026

परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को किया तिलक, बढ़ाया उत्साह

परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को किया तिलक, बढ़ाया उत्साह

अयोध्या। बोर्ड परीक्षा के पहले दिन परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों का पंडित हृदयराम शर्मा पीडी पाण्डेय इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य संजीव चतुर्वेदी के नेतृत्व में स्टाफ ने छात्र-छात्राओं को टीका लगाकर व गुलाब का फूल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। 
प्रधानाचार्य ने बताया कि इसका उद्देश्य परीक्षा देने आए विद्यार्थियों के मन से परीक्षा का भय दूर करना और उनमें आत्मविश्वास का संचार करना था। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्रों से धैर्य और एकाग्रता के साथ परीक्षा देने की अपील की। विद्यालय परिवार ने सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उत्कृष्ट परिणाम की कामना की।
राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद आयोजित, पर्यावरण मुद्दों पर हुआ मंथन

राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद आयोजित, पर्यावरण मुद्दों पर हुआ मंथन

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आयाम 'विकासार्थ विद्यार्थी' की ओर से 14 - 15 फरवरी को आयोजित राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद में देशभर के विश्वविद्यालयों से आए 177 प्रतिनिधियों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर मंथन किया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस मॉक सत्र आयोजित किया गया, जबकि दूसरे दिन संसद को दो सत्रों में संचालित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राहुल नार्वेकर, अध्यक्ष महाराष्ट्र विधानसभा उपस्थित रहे। प्रथम सत्र में पंच-परिवर्तन और जलवायु शासन - आधुनिक नीतिगत ढांचों में भारत की पारिस्थितिक बुद्धिमत्ता का पुनर्जीवन विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। वहीं दूसरे सत्र में COP30 में भारत और विश्व क्या भारतीय सभ्यता के शाश्वत मूल्य वैश्विक जलवायु के लिए नैतिक नेतृत्व को दिशा दे सकते हैं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं ने अपने विचार व्यक्त किए। समापन सत्र में मुख्य अतिथि पद्मश्री जनार्दनपंथ बोथे ने सेवा और समर्पण के माध्यम से प्रकृति संरक्षण को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी। अवध प्रांत की ओर से विकासार्थ विद्यार्थी संयोजक शाश्वत अवस्थी, सह-संयोजक मानवेन्द्र प्रताप सिंह, शांडिल्य सूरज त्रिपाठी व छात्रा अंशिता सिंह ने कार्यक्रम में सहभागिता की। प्रतियोगिता में इंटीग्रल विश्वविद्यालय के अंबुज राय को 'बेस्ट प्राइम मिनिस्टर अवार्ड' तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के उत्कर्ष सिंह 'बेस्ट पार्लियामेंट्री रूलिंग पार्टी अवार्ड' से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना रहा।

17 February 2026

'न्याय रथ’ को जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

'न्याय रथ’ को जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशानिर्देशन में तथा रणंजय कुमार वर्मा, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अयोध्या की अनुमति से 22 फरवरी को डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराए गए बहुउपयोगी वाहन ‘न्याय रथ’ को जनपद न्यायाधीश द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस वृहद शिविर का उद्देश्य समाज के निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है। शिविर में बीमा योजनाएं, असंगठित श्रम विभाग की योजनाएं, जल संरक्षण कार्यक्रम तथा अन्य महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं के संबंध में जागरूकता फैलायी जाएगी।
साथ ही विभिन्न विभागों के सहयोग से पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण कर उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने की कार्यवाही भी की जाएगी। इस मेगा कैंप में 44 विभागों/जिला विकास, समाज कल्याण, दिव्यांग सशक्तिकरण, महिला एवं बाल कल्याण आदि की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने शुरू किया ‘सुगम दर्शन’ टूर पैकेज

उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने शुरू किया ‘सुगम दर्शन’ टूर पैकेज

लखनऊ/अयोध्या। श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने लखनऊ से अयोध्या तक ‘सुगम दर्शन’ टूर पैकेज की शुरुआत की है। इस सेवा के तहत श्रद्धालु बिना लंबी कतारों में प्रतीक्षा किए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में रामलला के दर्शन कर सकेंगे। अयोध्या जिला प्रशासन के सहयोग से तैयार यह व्यवस्था भक्तों को सहज और सुरक्षित आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करेगी।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 से संचालित लखनऊ-अयोध्या टूर पैकेज को व्यापक समर्थन मिला है। अब एक दिवसीय आरामदायक यात्रा के लिए टेंपो ट्रैवलर सेवा भी शुरू की जा रही है, जिसकी पहली यात्रा 21 फरवरी को प्रस्तावित है। इच्छुक श्रद्धालु upstdc.co.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
यात्रा प्रातः 8 बजे लखनऊ के होटल गोमती से प्रारंभ होकर लगभग 10:30 बजे अयोध्या पहुंचेगी। इसके बाद श्रद्धालुओं को हनुमानगढ़ी मंदिर, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र और कनक भवन के दर्शन कराए जाएंगे। दोपहर में सरयू गेस्ट हाउस में भोजन तथा शाम को राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। रात 8:30 बजे लखनऊ वापसी होगी।
इस पैकेज का शुल्क वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1,500 रुपये और अन्य यात्रियों के लिए 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें सुगम दर्शन, भोजन, चाय, स्थानीय गाइड, पेयजल और स्मृति-चिन्ह शामिल हैं। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर रामभक्त तक सुरक्षित और सुविधाजनक दर्शन की व्यवस्था पहुंचाना है।
युवक ने रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर की जान देने की कोशिश, लोगों ने बचाया

युवक ने रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर की जान देने की कोशिश, लोगों ने बचाया

अयोध्या में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब फतेहगंज क्रॉसिंग के पास एक युवक रेलवे ट्रैक पर खड़ा हो गया और जान देने की कोशिश करने लगा। मामला अयोध्या नगर कोतवाली के फतेहगंज चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अचानक ट्रैक पर जाकर खड़ा हो गया। इसी दौरान सामने से ट्रेन आती दिखाई दी। क्रॉसिंग के पास मौजूद लोगों की नजर जब युवक पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया और हाथ हिलाकर ट्रेन चालक को संकेत देने लगे।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ट्रेन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगा दी। ट्रेन युवक से कुछ ही दूरी पर आकर रुक गई। मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित ट्रैक से हटाया और समझाकर किनारे किया।
स्थानीय लोगों की सतर्कता और ट्रेन चालक की सजगता से एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घटना के कारण कुछ समय तक रेल यातायात प्रभावित रहा। घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।