प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 से संचालित लखनऊ-अयोध्या टूर पैकेज को व्यापक समर्थन मिला है। अब एक दिवसीय आरामदायक यात्रा के लिए टेंपो ट्रैवलर सेवा भी शुरू की जा रही है, जिसकी पहली यात्रा 21 फरवरी को प्रस्तावित है। इच्छुक श्रद्धालु upstdc.co.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
यात्रा प्रातः 8 बजे लखनऊ के होटल गोमती से प्रारंभ होकर लगभग 10:30 बजे अयोध्या पहुंचेगी। इसके बाद श्रद्धालुओं को हनुमानगढ़ी मंदिर, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र और कनक भवन के दर्शन कराए जाएंगे। दोपहर में सरयू गेस्ट हाउस में भोजन तथा शाम को राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। रात 8:30 बजे लखनऊ वापसी होगी।
इस पैकेज का शुल्क वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1,500 रुपये और अन्य यात्रियों के लिए 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें सुगम दर्शन, भोजन, चाय, स्थानीय गाइड, पेयजल और स्मृति-चिन्ह शामिल हैं। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर रामभक्त तक सुरक्षित और सुविधाजनक दर्शन की व्यवस्था पहुंचाना है।

0 comments: