बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों एवं प्रशिक्षण केंद्रों में विशेष अभियान चलाकर नए मतदाताओं के फार्म-6 भरवाए जाएं। अधिकारियों से कहा गया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक पात्र युवक-युवती को मतदाता सूची में शामिल किया जाना सुनिश्चित करें। इसके लिए विद्यालयों एवं कॉलेजों के प्राचार्यों से समन्वय स्थापित कर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
महिला मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण पर भी विशेष बल दिया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं तथा बीएलओ के माध्यम से घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर महिलाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र महिला मताधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और समावेशिता लोकतंत्र की आधारशिला है। अतः सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि या पात्र नागरिक का नाम छूटना गंभीर विषय है। अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों को दैनिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए, जिससे निर्धारित समयावधि में लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

0 comments: