अयोध्या। रुदौली नगर के मोहल्ला शिवपुरम् (पूरे काजी) में गुरुवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं प्रकाश बुक डिपो के संचालक, समाजसेवी संतोष कुमार आर्य द्वारा भव्य सामूहिक ‘दुरदरिया’ पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें 501 मातृशक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्ति का वातावरण छा गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने ‘दुरदरिया माता’ की कथा का विस्तार से वाचन किया तथा विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की मंगलकामना की। एक साथ सैकड़ों महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन को अत्यंत भव्य और गरिमामय बना दिया। माता के जयकारों और मांगलिक गीतों से संपूर्ण परिसर गूंज उठा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
इसी शुभ अवसर पर संतोष कुमार आर्य ने सपरिवार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अपने नए घर में प्रवेश भी किया। गृह प्रवेश के इस पावन कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी, प्रबुद्धजन और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आर्य परिवार को नए आवास के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया। संतोष कुमार आर्य ने उपस्थित सभी अतिथियों और विशेष रूप से मातृशक्ति का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस सामूहिक पूजन और कथा आयोजन ने पूरे शिवपुरम् क्षेत्र में सकारात्मकता, एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया।

0 comments: