अयोध्या। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को होली के अवसर पर राम नगरी में एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। सरयू किनारे गुप्तारघाट पर बन रहा भव्य ओपन एयर थिएटर लगभग तैयार हो चुका है और होली के आसपास इसे आमजन के लिए खोलने की योजना है। यह पूरा परिसर रामचरितमानस पर आधारित त्रेता युग की झलक दिखाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है, जिससे आने वाले श्रद्धालु रामायण काल की अनुभूति कर सकेंगे।
गुप्तारघाट परिसर में रावण वध, हनुमान और जटायु की भव्य मूर्तियां पहले ही तैयार हो चुकी हैं, जो दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगी। इस परियोजना पर कुल लागत 1833.63 लाख रुपये की आ रही है। वर्तमान में अंतिम छोर के कार्य तेजी से प्रगति पर हैं, जिनमें पार्किंग क्षेत्र, पाथवे, टिकट घर, गार्ड रूम, टॉयलेट ब्लॉक और किचन के फिनिशिंग कार्य शामिल हैं।
परिसर का सबसे खास आकर्षण ओपन एयर थिएटर है, जहां इन दिनों फिनिशिंग, विद्युतीकरण और हॉर्टिकल्चर का कार्य चल रहा है। इस थिएटर में रामायण से जुड़े नाटक, रामलीला, भजन-कीर्तन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अयोध्या प्रशासन की माने तो इसके खुलने से अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

0 comments: